ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विकास को लेकर सरकार का विजन साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2035 तक पूर्ण विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य पर तेज़ी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का असर अब ज़मीन पर दिखाई देने लगा है और विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। साथ ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कई क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसके अलावा प्रदेश का वार्षिक बजट अब एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है।
किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार पारंपरिक खेती के साथ मधुमक्खी पालन, आधुनिक बागवानी, सुगंधित पौधों और पुष्प उत्पादन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रही है। वहीं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नई स्टार्टअप नीति, एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) योजना, होमस्टे योजना और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल लागू की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाना है।
महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा नारी सशक्तीकरण योजना, महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री आँचल अमृत योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 2.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है, जिससे रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिली है। उन्होंने चारधाम यात्रा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष मात्र दो महीनों में 43.60 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं आदि कैलाश यात्रा में भी अब तक 55 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून जिले में 289 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 41 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि परिणाम देना है। उन्होंने कहा कि आज राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं बल्कि सेवा, प्रदर्शन और जनता का विश्वास होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है।






