चारधाम यात्रियों के लिए खुशखबरी, क्षेत्रपाल मार्ग हुआ सुरक्षित..

चारधाम यात्रियों के लिए खुशखबरी, क्षेत्रपाल मार्ग हुआ सुरक्षित..

 

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा से पहले उत्तराखंड के बद्रीनाथ हाईवे से जुड़ी एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना क्षेत्रपाल भूस्खलन जोन अब पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) द्वारा इस संवेदनशील क्षेत्र में करीब 400 मीटर हिस्से का सुधारीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिससे आने वाले यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं को अब बाधित और जोखिम भरी यात्रा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

बद्रीनाथ हाईवे पर स्थित क्षेत्रपाल क्षेत्र पिछले कई वर्षों से भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील रहा है। खासकर चारधाम यात्रा के दौरान यहां बार-बार सड़क अवरुद्ध होने और वाहनों के फंसने की घटनाएं सामने आती रही हैं। वर्ष 2022 में भारी भूस्खलन के चलते यहां मार्ग तीन दिनों तक पूरी तरह बंद रहा था, जिससे बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब जा रहे हजारों श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एनएचआईडीसीएल ने इस क्षेत्र के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत योजना तैयार की थी। भारत सरकार से वर्ष 2024 में इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद यहां चरणबद्ध तरीके से सुधार कार्य शुरू किया गया, जो अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

कार्य के तहत अलकनंदा नदी की ओर जमा मलबे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया है, जिससे सड़क पर दबाव कम हो सके। वहीं, भूस्खलन की आशंका वाली चट्टानों को मजबूत लोहे की जाली (रॉक नेट) से कवर कर स्थिर किया गया है, ताकि ढलानों से पत्थर गिरने की घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा ढलानों को मजबूत बनाने और मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए विशेष रासायनिक स्टेबलाइजर्स का छिड़काव भी किया गया है, जिससे जमीन की पकड़ मजबूत हो सके। सड़क के चौड़ीकरण कार्य के साथ ही अब यहां डामरीकरण (ब्लैक टॉपिंग) का काम भी अंतिम चरण में है। कार्यदायी संस्था ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है और जल्द ही यह कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के अनुसार, क्षेत्रपाल में किए गए इन सुधार कार्यों के बाद अब यह इलाका पहले की तुलना में काफी सुरक्षित हो गया है। उन्होंने बताया कि चौड़ीकरण, ढलान स्थिरीकरण और चट्टानों की सुरक्षा के उपायों से भूस्खलन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।बद्रीनाथ हाईवे पर पिछले सात वर्षों से ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत सड़क को अधिक चौड़ा, मजबूत और हर मौसम के अनुकूल बनाने का कार्य लगातार जारी है। इस परियोजना के तहत कई संकरे और खतरनाक मोड़ों को सुधारा गया है, जिससे यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित बनाया जा रहा है। क्षेत्रपाल जोन का उपचार पूरा होने से अब चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को एक बड़ा राहत अनुभव होगा। जहां पहले इस हिस्से में हिचकोले खाते हुए और जोखिम उठाकर यात्रा करनी पड़ती थी, वहीं अब मार्ग अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित हो जाएगा। यह पहल न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि यात्रा के सुचारू संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

 

 

Related Posts

देहरादून को मिलेगी बड़ी हवाई सौगात, वाराणसी-प्रयागराज-अयोध्या के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारी..

देहरादून को मिलेगी बड़ी हवाई सौगात, वाराणसी-प्रयागराज-अयोध्या के लिए फ्लाइट शुरू करने की तैयारी..       उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों…

हर जिले में बनेंगे आदर्श कौशल केंद्र, युवाओं को मिलेगा सुनिश्चित रोजगार..

हर जिले में बनेंगे आदर्श कौशल केंद्र, युवाओं को मिलेगा सुनिश्चित रोजगार..       उत्तराखंड: उत्तराखंड में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *