नेपाल में तबाही का मंजर, बाढ़ के बाद हर तरफ तबाही के निशान, हजारों घर उजड़े
काठमांडू। नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ ने ऐसा कहर बरपाया कि कई इलाके पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। ग्लेशियर के बड़े हिस्से के टूटने के बाद बर्फ, चट्टान, मिट्टी और पानी का सैलाब नदी घाटियों में तेजी से नीचे आया और रास्ते में आने वाले घरों, दुकानों, सड़कों, पुलों और दूसरी संरचनाओं को अपने साथ बहा ले गया। कई जगहों पर अब सिर्फ मलबा और तबाही का निशान दिखाई दे रहा है।
तबाही की आतंक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 20 हजार घरों के पुनर्निर्माण की जरूरत बताई जा रही है। कई परिवारों के घर पूरी तरह खत्म हो चुके हैं, जबकि कुछ ऐसे मकान भी हैं जो खड़े तो हैं, लेकिन उन्हें रहने के लिए सुरक्षित नहीं माना जा रहा। हजारों लोग शिविरों और दूसरे सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर हैं।
मलबे में बदल गईं बस्तियां
बाढ़ के तेज बहाव ने नदी किनारे बसे कई इलाकों को बुरी तरह प्रभावित किया। जहां कभी घर और बाजार नजर आते थे, वहां अब कीचड़, पत्थर और मलबे का ढेर दिखाई दे रहा है। लोग मलबे के बीच अपने परिवार की यादों से जुड़ी चीजें तलाशते नजर आ रहे हैं।
सड़क और पुलों के टूटने से बचाव अभियान भी मुश्किल बना हुआ है। कई प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचना अभी भी मुश्किल बना हुआ है और कुछ जगहों पर स्थानीय लोग वैकल्पिक साधनों से नदी और क्षतिग्रस्त रास्तों को पार कर रहे हैं।
मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा
ताजा रिपोर्टों के मुताबिक नेपाल में इस आपदा से 1,200 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। बचाव दल लगातार मलबे और प्रभावित इलाकों में तलाश अभियान चला रहे हैं।
बचाव अभियान में नेपाल के सुरक्षा बलों के साथ भारत समेत कई देशों की टीमें और विशेषज्ञ भी सहयोग कर रहे हैं। लेकिन खराब मौसम, क्षतिग्रस्त सड़कों और भारी मलबे के कारण राहत कार्यों में बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
बच्चों और विस्थापित परिवारों के सामने नई चुनौती
तबाही के बाद संकट सिर्फ घरों और सड़कों तक सीमित नहीं है। बड़ी संख्या में बच्चों और परिवारों को साफ पानी, स्वच्छता, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत है। विशेषज्ञों के मुताबिक अब नेपाल के सामने दोहरी चुनौती है—पहले प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालना और राहत पहुंचाना, और उसके बाद उन इलाकों को दोबारा बसाना जहां पूरा जीवन ही उजड़ गया है।
अब सामने है वर्षों की पुनर्निर्माण चुनौती
नेपाल के लिए यह सिर्फ एक प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाला पुनर्वास संकट बन गया है। हजारों परिवारों को फिर से घर देना, सड़क और पुलों को दोबारा बनाना, बिजली-पानी की व्यवस्था बहाल करना और प्रभावित लोगों की आजीविका को पटरी पर लाना बड़ी चुनौती होगी।
इस आपदा ने हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते प्राकृतिक जोखिम को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वैज्ञानिकों ने ग्लेशियरों और पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ती अस्थिरता को लेकर चिंता जताई है।
नेपाल में आई इस त्रासदी ने हजारों लोगों से उनका घर, रोजगार और अपनों को छीन लिया है। अब राहत के बाद सबसे बड़ी लड़ाई उस जिंदगी को दोबारा खड़ा करने की है, जिसे कुछ ही पलों में आई तबाही ने मलबे में बदल दिया।








