चारधाम यात्रा में बढ़ेगी रफ्तार, 15 सितंबर से शुरू होंगी हेली सेवाएं..

 

चारधाम यात्रा में बढ़ेगी रफ्तार, 15 सितंबर से शुरू होंगी हेली सेवाएं..

 

 

 

उत्तराखंड: मानसून के कारण फिलहाल धीमी चल रही चारधाम यात्रा में सितंबर के दूसरे पखवाड़े से एक बार फिर तेजी आने की उम्मीद है। मौसम में सुधार की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने 15 सितंबर से चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं का दूसरा चरण शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर से शुरू होगी। हेली टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक हेली यात्रा वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी। शुरुआत में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए बुकिंग स्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद यात्रियों की मांग और संचालन की स्थिति के अनुसार आगे के स्लॉट खोले जाएंगे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, मौसम पूर्वानुमान में 15 सितंबर के आसपास मानसून की वापसी के संकेत हैं। डीजीसीए से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद हेली सेवाओं को दोबारा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

केदारनाथ हेली सेवा का किराया
केदारनाथ धाम के लिए अलग-अलग हेलीपैड से राउंड ट्रिप का किराया इस साल जीएसटी समेत निर्धारित किया गया है।

गुप्तकाशी–केदारनाथ: ₹12,762
फाटा–केदारनाथ: ₹10,164
सिरसी–केदारनाथ: ₹6,390
यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी की हेली यात्रा वेबसाइट पर जाना होगा।

दूसरे चरण में आठ ऑपरेटर संभालेंगे केदारनाथ हेली सेवा
केदारनाथ धाम के लिए दूसरे चरण में आठ हेली ऑपरेटर सेवाएं देंगे। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से अलग-अलग कंपनियां शटल उड़ानों का संचालन करेंगी। गुप्तकाशी से ट्रांस भारत एविएशन और चिपसन एविएशन की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। दोनों कंपनियां प्रतिदिन 24-24 शटल उड़ानें संचालित करेंगी। फाटा से यूनाइटेड हेलीचार्टर्स, थंबी एविएशन, राजस एयरोस्पोर्ट्स एंड एडवेंचर्स और पिल्ग्रीमेज एविएशन सेवाएं देंगी। इन ऑपरेटरों की ओर से भी प्रतिदिन 24-24 शटल उड़ानों का संचालन किया जाएगा। सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट और हिमालयन हेली सेवाएं संचालित करेंगी। दोनों कंपनियों की रोजाना 32-32 शटल उड़ानें प्रस्तावित हैं। केदारनाथ के साथ बद्रीनाथ धाम के लिए भी 15 सितंबर से हेली सेवा शुरू करने की तैयारी है। बद्रीनाथ के लिए गौचर से हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन किया जाएगा। वहीं गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के लिए चार्टर हेली सेवाओं का संचालन देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से किया जाएगा।

पहले चरण में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हेली सेवा का लाभ
UCADA के अनुसार, चारधाम यात्रा के पहले चरण में करीब 67 हजार यात्रियों ने केदारनाथ शटल हेली सेवा का लाभ उठाया। इसके साथ ही चारधाम के लिए संचालित चार्टर सेवाओं से करीब 11,500 श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि हेली सेवाओं के संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है। दूसरे चरण में भी सुरक्षा व्यवस्था और मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी। हेली सेवाओं के सुरक्षित संचालन के लिए केदारनाथ मार्ग पर सीतापुर में अस्थायी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) व्यवस्था मौजूद है। वहीं बद्रीनाथ धाम में स्थायी एटीसी स्थापित करने का काम जारी है। अधिकारियों के अनुसार, बदरीनाथ में 1 अक्टूबर से स्थायी एटीसी के संचालन की योजना है। इसके अलावा केदारनाथ हेलीपैड के पास भी स्थायी एटीसी स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि अगले साल की चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले यहां भी एटीसी व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।

Related Posts

खामोशी में साधा अचूक निशाना, अभिनव देशवाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान..

खामोशी में साधा अचूक निशाना, अभिनव देशवाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश का मान..         उत्तराखंड: कुछ चुनौतियां इंसान की राह मुश्किल जरूर कर सकती हैं,…

उत्तराखंड में मान्यता विहीन मदरसों पर शिकंजा, रुद्रपुर में दो मदरसे सील..

उत्तराखंड में मान्यता विहीन मदरसों पर शिकंजा, रुद्रपुर में दो मदरसे सील..         उत्तराखंड: उत्तराखंड में निर्धारित मानकों के तहत मान्यता नहीं लेने वाले मदरसों के खिलाफ…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *