ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, उत्तराखंड में ऋषिकेश बाईपास परियोजना पास..

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, उत्तराखंड में ऋषिकेश बाईपास परियोजना पास..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के चलते ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण कार्य को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 1105.79 करोड़ रुपये की तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर तीनपानी फ्लाईओवर से लेकर खरासोटे पुल तक विकसित की जाएगी। करीब 12.67 किलोमीटर लंबा यह बाईपास भट्टोवाला और ढालवाला क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। परियोजना को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर पूरा किया जाएगा, जिससे कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वीकृति पर संतोष जताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में बेहतर सड़क संपर्क के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से ऋषिकेश क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही, यह परियोजना चारधाम यात्रा और पर्यटन गतिविधियों को भी सुगम बनाएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। परियोजना की लागत पहले 1151.18 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जिसे संशोधित कर 1139.40 करोड़ रुपये किया गया। अंततः 1105.79 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परियोजना को तीन वर्ष की निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा और लागत या समय में किसी प्रकार की वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस परियोजना के लिए निविदाएं ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से आमंत्रित की जाएंगी और सभी कार्य तय मानकों के अनुसार होंगे। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान के अंतर्गत इसका खर्च वहन किया जाएगा, जबकि देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को इसके लिए ड्रॉइंग एवं डिस्बर्सिंग ऑफिसर नामित किया गया है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

 

 

Related Posts

केदारनाथ में बिजली व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, सोनप्रयाग से धाम तक 33 केवी लाइन को मंजूरी..

केदारनाथ में बिजली व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, सोनप्रयाग से धाम तक 33 केवी लाइन को मंजूरी..   उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में बिजली की आपूर्ति को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाने की…

कण्वाश्रम की विरासत को राष्ट्रीय सम्मान, ‘भरत से भारतवर्ष’ को मिला प्रथम पुरस्कार..

कण्वाश्रम की विरासत को राष्ट्रीय सम्मान, ‘भरत से भारतवर्ष’ को मिला प्रथम पुरस्कार..     उत्तराखंड: कण्वाश्रम की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने वाली पुस्तक ‘कण्वाश्रम-भरत से भारतवर्ष’…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *