त्योहारी बाजार पर खाद्य विभाग की नजर, हल्द्वानी-रामनगर में छापेमारी कर लिए गए सैंपल..
उत्तराखंड: रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए नैनीताल जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग-अलग टीमों ने हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कई तरह के खाद्य पदार्थों के नमूने जुटाए। विभाग का फोकस खासतौर पर त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री के बीच मिलावट पर नजर रखने पर है। अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने खाद्य निर्माण इकाइयों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की। कई स्थानों से विधिक नमूने लिए गए, जबकि कुछ खाद्य पदार्थों के सर्वे नमूने भी एकत्र किए गए हैं। विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी उत्पाद में निर्धारित मानकों से छेड़छाड़ या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी और कालाढूंगी में कई प्रतिष्ठानों की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में खाद्य विनिर्माण इकाइयों तथा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से जीरा पेय पदार्थ, सॉस, काजू, नूडल्स और अरहर दाल समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। लामाचौड़ क्षेत्र की मंडाकिनी बेवरेजेज से उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ का नमूना लिया गया। वहीं कालाढूंगी स्थित पीके फूड्स एंड केमिकल्स से कृष्णा सॉस, धमोला की न्यूट्रीकॉन्सेप्ट फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से काजू और लामाचौड़ की आशादीप एंटरप्राइजेज से नूडल्स का नमूना जांच के लिए लिया गया। कालाढूंगी बाजार स्थित सुपरसैल्स जियारुरहमान प्रतिष्ठान से अरहर दाल का सैंपल भी संकलित किया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पंचायत घर स्थित शिवानी जनरल स्टोर से वनस्पति तथा देवलचौड़ स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड से दूध और घी के नमूने लिए गए। त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने खोया और मिठाइयों पर भी विशेष निगरानी रखी। टीम ने खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ले के सर्वे नमूने भी एकत्र किए हैं। इन नमूनों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी, ताकि बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।
रामनगर में आटा और मसालों के नमूने
रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मैसर्स जगदीश आटा मिल से आटा और शिवलालपुर स्थित मैसर्स मित्तल इंटरप्राइजेज से गरम खड़ा मसाला सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी विधिक नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान मिठाइयों, दूध से बने उत्पादों, मसालों और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। त्योहारों पर मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय ग्राहक साफ-सफाई, पैकेजिंग, लेबल, निर्माण और एक्सपायरी तिथि जैसी जरूरी जानकारियों की जांच जरूर करें। किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह होने या मिलावट की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को देने की अपील की गई है। त्योहारी बाजार में मिलावट पर लगाम लगाने के लिए विभाग की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों की स्थिति भी स्पष्ट होगी।





