ब्रेकिंग न्यूज़

स्मार्ट बोर्ड से खेल मैदान तक, ढुंगीधार स्कूल में बच्चों को मिल रहा सीखने का नया मंच..

ब्रेकिंग न्यूज़

स्मार्ट बोर्ड से खेल मैदान तक, ढुंगीधार स्कूल में बच्चों को मिल रहा सीखने का नया मंच..

 

 

 

उत्तराखंड: सरकारी स्कूलों को लेकर अक्सर संसाधनों की कमी की चर्चा होती है, लेकिन टिहरी गढ़वाल का पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार इस धारणा को बदलने की कोशिश कर रहा है। यहां पढ़ाई के लिए स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल हो रहा है, तो बच्चों को खेल, योग, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर भी मिल रहे हैं। स्कूल को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश और जिला स्तर पर पुरस्कार भी मिल चुके हैं। ढुंगीधार स्थित विद्यालय में इस समय 114 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें 59 छात्राएं और 55 छात्र शामिल हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए छह शिक्षक तैनात हैं। विद्यालय की तीन कक्षाओं में स्मार्ट टीवी की सुविधा है। डिजिटल बोर्ड और वीडियो सामग्री के जरिए कठिन विषयों को आसान और रोचक तरीके से समझाने की कोशिश की जाती है। स्कूल में छह कंप्यूटर और एक लैपटॉप भी उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पुस्तकालय कॉर्नर बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और डिजिटल संसाधनों से परिचित कराने में मदद कर रहा है।

पढ़ाई के साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर जोर

विद्यालय में बच्चों के शारीरिक और रचनात्मक विकास को भी पढ़ाई जितनी ही अहमियत दी जा रही है। नियमित रूप से योग, खेल, स्कूल बैंड और सांस्कृतिक गतिविधियां कराई जाती हैं। विद्यालय के आठ विद्यार्थी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। स्कूल प्रबंधन का जोर इस बात पर है कि बच्चों को कम उम्र से ही अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा आजमाने का मौका मिले। बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षा देने के लिए स्कूल में ‘जादू का पिटारा’ का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके माध्यम से गणित, विज्ञान और दूसरे विषयों को खेल व गतिविधियों के जरिए समझाया जाता है। इससे बच्चों की कक्षा में भागीदारी बढ़ाने और पढ़ाई को बोझ के बजाय रुचिकर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वच्छता में भी स्कूल ने बनाई पहचान..

ढुंगीधार विद्यालय ने स्वच्छता के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2024-25 में स्कूल को प्रदेश स्तर का स्वच्छता पुरस्कार मिला। वहीं जिला स्तर पर भी विद्यालय को दो बार स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के लिए आरओ के जरिए शुद्ध पेयजल, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और फायर सेफ्टी उपकरण जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। मध्याह्न भोजन भी निर्धारित मेन्यू के अनुसार दिया जाता है। बच्चों की प्रगति पर नजर रखने के लिए हर महीने अभिभावक बैठक आयोजित की जाती है। इसमें पढ़ाई के साथ बच्चों की खेल और अन्य गतिविधियों पर भी चर्चा होती है। विद्यालय के विद्यार्थियों का समय-समय पर जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन भी होता रहा है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में उत्साह बना हुआ है। विद्यालय में बाला योजना के तहत पेंटिंग, सौंदर्यीकरण और बालानुकूल फर्नीचर जैसी व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है। स्कूल का प्रयास है कि प्राथमिक स्तर से ही बच्चों को ऐसा माहौल मिले, जहां वे पढ़ाई के साथ खेल, कला, संगीत और दूसरी गतिविधियों में भी अपनी क्षमता पहचान सकें। ढुंगीधार विद्यालय की पहल यह दिखाती है कि सरकारी स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों की भागीदारी मिलकर बच्चों के लिए एक बेहतर शैक्षिक माहौल तैयार कर सकती है।

Related Posts

श्रीनगर अस्पताल को मिलेंगे नए मेडिकल उपकरण..

श्रीनगर अस्पताल को मिलेंगे नए मेडिकल उपकरण.. चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में कई फैसले..     उत्तराखंड: संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए…

उत्तराखंड के करीब 10 लाख जरूरतमंदों को राहत..

उत्तराखंड के करीब 10 लाख जरूरतमंदों को राहत.. खातों में ट्रांसफर हुई 148 करोड़ रुपये की पेंशन..     उत्तराखंड: उत्तराखंड के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राहत…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *