देहरादून के रायपुर में शराब की दुकान के बाहर चली गोलियां, दो राहगीर घायल; घटना के बाद लोगों ने किया जोरदार विरोध

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब रिंग रोड स्थित छह नंबर पुलिया के पास मौजूद शराब की दुकान के बाहर अचानक गोलियां चल गईं। फायरिंग की इस घटना में वहां से गुजर रहे दो लोग घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। वहीं, घटना को अंजाम देने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब की दुकान के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना शुरू कर दिया।

फायरिंग के दौरान 39 वर्षीय नवीन राणा और 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा गोली लगने से घायल हो गए। नवीन राणा के कंधे में गोली लगी। वह एक निजी मोबाइल कंपनी में मार्केटिंग का कार्य करते हैं और उनका इलाज कैलाश अस्पताल में चल रहा है। वहीं कविंद्र शर्मा के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शराब की दुकान के बाहर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और ठेका हटाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इस दुकान के कारण इलाके में पहले भी कई बार झगड़े और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने प्रशासन से शराब का ठेका हटाने के साथ-साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Posts

केदारनाथ में बिजली व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, सोनप्रयाग से धाम तक 33 केवी लाइन को मंजूरी..

केदारनाथ में बिजली व्यवस्था होगी चाक-चौबंद, सोनप्रयाग से धाम तक 33 केवी लाइन को मंजूरी..   उत्तराखंड: केदारनाथ धाम में बिजली की आपूर्ति को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाने की…

कण्वाश्रम की विरासत को राष्ट्रीय सम्मान, ‘भरत से भारतवर्ष’ को मिला प्रथम पुरस्कार..

कण्वाश्रम की विरासत को राष्ट्रीय सम्मान, ‘भरत से भारतवर्ष’ को मिला प्रथम पुरस्कार..     उत्तराखंड: कण्वाश्रम की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने वाली पुस्तक ‘कण्वाश्रम-भरत से भारतवर्ष’…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *