सत्य निकेतन हादसा: दिल्ली HC में आज सुनवाई, बिल्डिंग मालिक के खिलाफ LOC जारी….
नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत रविवार (6 सितंबर) को गिरने के मामले में आज दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होगी। हादसे को लेकर दाखिल याचिका पर कोर्ट ने अर्जेंट सुनवाई की मंजूरी दी है, मामले को चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की पीठ के समक्ष रखा गया है। याचिका में हादसे की जांच, जिम्मेदारी तय करने और भवन सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया गया है।
मालिक के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर
हादसे के बाद फरार बताए जा रहे बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है।LOC जारी होने के बाद आरोपी के देश से बाहर जाने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
पांच मंजिला इमारत में चल रहा था PG
जानकारी के मुताबिक, सत्य निकेतन में गिरी पांच मंजिला इमारत का इस्तेमाल पीजी के तौर पर किया जा रहा था। हादसे के समय इमारत में निर्माण या मरम्मत से जुड़ा काम चलने की भी बात सामने आई है। इमारत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए थे और राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा।
हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
सत्य निकेतन में गिरी इमारत का इस्तेमाल पीजी के तौर पर किया जा रहा था। हादसे के बाद भवन निर्माण और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद अब दिल्ली हाई कोर्ट की आज होने वाली सुनवाई पर सभी की नजरें हैं। कोर्ट में हादसे की जांच और जिम्मेदारी से जुड़े मुद्दों पर क्या दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, यह सुनवाई के बाद साफ होगा।








