मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग…
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।
इन परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी
योजना में UPSC, राज्य PSC, CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC समेत कई प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन मार्गदर्शन दिया जाएगा।
पहले चरण में 11 हजार छात्रों को लाभ
योजना के पहले चरण में करीब 11 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिलने की जानकारी है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज के युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है।
आर्थिक स्थिति नहीं बनेगी बाधा
निःशुल्क कोचिंग से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो महंगी निजी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते। सरकार का कहना है कि योजना के जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा।






