अरब सागर में टकराए भारत-पाक के नौसैनिक जहाज, घटना पर जताया कड़ा विरोध
नई दिल्ली: उत्तरी अरब सागर में भारत और पाकिस्तान की नौसेनाओं के जहाजों के बीच टक्कर की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में पाकिस्तानी नौसेना का एक पोत भारतीय नौसेना के फ्रंटलाइन युद्धपोत के काफी करीब पहुंच गया। इसी दौरान दोनों जहाजों के बीच टक्कर हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन भारतीय पक्ष ने पाकिस्तानी पोत की समुद्री पैंतरेबाजी पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
घटना के बाद भारत ने इस मामले को राजनयिक स्तर पर भी उठाया। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के चार्ज द अफेयर्स को तलब किया और घटनाक्रम को लेकर औपचारिक विरोध दर्ज कराया। भारत ने पाकिस्तान के संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी मामला उठाने को कहा है। भारतीय पक्ष ने समुद्र में सैन्य पोतों की आवाजाही के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और फिलहाल किसी बड़े नुकसान या गंभीर क्षति की सूचना नहीं है। हालांकि, दोनों देशों के बीच समुद्री क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों को देखते हुए यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के आधार पर फिलहाल इसे नौसैनिक जहाजों के बीच हुई टक्कर और उसके बाद उत्पन्न स्थिति के तौर पर देखा जा रहा है। इसे किसी सैन्य हमले के रूप में आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है।
पाकिस्तानी नौसेना की ओर से अभी घटना के कारणों या उसके जहाज की गतिविधियों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में दोनों पक्षों के आधिकारिक बयानों के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इस दौरान वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ।








