ब्रेकिंग न्यूज़

पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़, जाम से स्थानीय और सैलानी बेहाल..

ब्रेकिंग न्यूज़

 पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़, जाम से स्थानीय और सैलानी बेहाल..

 

उत्तराखंड: पहाड़ों की रानी मसूरी में नवंबर माह की लगातार छुट्टियों ने पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दे दी है। वीकेंड और लंबी छुट्टियों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं, लेकिन पर्यटकों की इस भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था की भी परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। मसूरी पहुंचने वाले पर्यटकों को कई-कई घंटे ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है। शहर के प्रमुख रास्तों, बाजारों और पर्यटन स्थलों के आसपास वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते स्थानीय निवासियों के साथ ही बाहर से आने वाले सैलानियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से कारोबार खुश, लेकिन सुविधाओं पर सवाल
स्थानीय निवासी गौरव अग्रवाल और अनिल सिंह अन्नु का कहना है कि छुट्टियों के दौरान मसूरी में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापार को काफी लाभ मिलता है। पर्यटन यहां की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है, इसलिए सैलानियों का पहुंचना अच्छी बात है। हालांकि, बढ़ते पर्यटन दबाव के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद मसूरी आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। खासकर वीकेंड और लगातार छुट्टियों के दौरान शहर में वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में सरकार, प्रशासन और पुलिस को मिलकर यातायात प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करनी चाहिए। उनका कहना है कि शहर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होना सबसे बड़ी समस्या बनता जा रहा है।

पुलिस बल की कमी से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था
मसूरी व्यापार मंडल के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने भी शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मसूरी में पुलिसकर्मियों की संख्या जरूरत के मुकाबले कम है। छुट्टियों और वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से यातायात संभालना चुनौती बन जाता है। कुकरेजा के मुताबिक, ऐसे दिनों के लिए प्रशासन को पहले से विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करना चाहिए और पर्याप्त पुलिसकर्मियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटक मसूरी में घूमने और सुकून के पल बिताने आते हैं, लेकिन यदि उन्हें घंटों जाम में ही समय गुजारना पड़े तो इसका असर शहर की पर्यटन छवि पर पड़ता है। पर्यटक अच्छी यादों के बजाय जाम की परेशानी लेकर लौटते हैं।

15 से 20 मिनट में जाम खुलवाने का पुलिस का दावा
मसूरी कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि इस बार शहर में पर्यटकों की संख्या उम्मीद से कहीं अधिक है। पुलिसकर्मी लगातार यातायात को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने में जुटे हैं। उनके अनुसार, जाम लगने की स्थिति में पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर करीब 15 से 20 मिनट में यातायात सामान्य करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि मसूरी की भौगोलिक बनावट, सीमित सड़कें और पार्किंग स्थलों की कमी भी ट्रैफिक समस्या को बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं। वाहनों की संख्या के हिसाब से पार्किंग की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण सड़कों पर दबाव बढ़ जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस मिलकर काम कर रहे हैं।

पार्किंग के लिए 41 स्थान किए गए चिह्नित
कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मसूरी में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने 41 स्थानों को चिह्नित किया है। इसके अलावा नगर पालिका की ओर से अलग-अलग मोहल्लों और क्षेत्रों में छोटी पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। बड़े पार्किंग स्थलों के निर्माण को लेकर भी सरकारी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, पुलिसकर्मियों की कमी का मुद्दा भी उच्चाधिकारियों के सामने रखा गया है। अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए लगातार बातचीत की जा रही है। फिलहाल मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने पर्यटन कारोबार को तो राहत दी है, लेकिन जाम और पार्किंग की समस्या ने एक बार फिर शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या इसी तरह बढ़ती रही तो मसूरी को जाम मुक्त रखने के लिए ठोस और स्थायी इंतजाम करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी।

 

Related Posts

देहरादून कैंट को मिली 23 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने कीं 8 बड़ी घोषणाएं..

देहरादून कैंट को मिली 23 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने कीं 8 बड़ी घोषणाएं..       उत्तराखंड: राजधानी के कैंट विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति…

मालसी चिड़ियाघर का बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ तेजस की हुई एंट्री, सीएम धामी ने किया शुभारंभ..

मालसी चिड़ियाघर का बढ़ा आकर्षण, सफेद बाघ तेजस की हुई एंट्री, सीएम धामी ने किया शुभारंभ..     उत्तराखंड:  मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ का…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *